
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर आ गया खतरनाक मोड़
ईरान की खुली धमकी, कहा अगर ट्रंप को कोई मारता है तो उसे मिलेगा 870 करोड़ रुपए का इनाम
चंडीगढ, 12 जुलाई (विश्ववार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर आ गया है। इस बार ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर सीधी और गंभीर धमकी दी है। ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला खामेनेई के करीबी सलाहकार जावेद लारीजानी ने कहा है कि अगर ट्रंप को कोई मारता है तो उसे 100 बिलियन तोमैन, यानी लगभग 870 करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा।
क्यों गुस्से में है ईरान?
ईरान लंबे समय से ट्रंप से नाराज़ है, खासकर जनरल कासिम सुलेमानी की 2020 में अमेरिका द्वारा हत्या के बाद। ट्रंप उस समय राष्ट्रपति थे और उन्होंने ही ईरानी जनरल को निशाना बनवाया था। अब ईरान का कहना है कि वह ट्रंप को कभी माफ नहीं करेगा और इस हत्या का बदला जरूर लिया जाएगा।
हम घर में घुसकर भी ट्रंप को मार सकते हैं: ईरानी सलाहकार
ईरान के वरिष्ठ नेता जावेद लारीजानी ने धमकी देते हुए कहा, “हमारे ड्रोन इतने ताकतवर हैं कि वे फ्लोरिडा में ट्रंप के स्विमिंग पूल तक पहुंच सकते हैं। अगर वह धूप सेंक रहे हों, तो एक छोटा सा ड्रोन सीधे उनकी नाभि पर हमला करके उन्हें खत्म कर सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के लिए ट्रंप को मारना “बहुत आसान” है और अगर वो अकेले या बेफिक्र हुए तो “हम उनके घर में घुसकर भी उन्हें मार सकते हैं।”





















