
तीसरे मैच से पहले एंडरसन ने इंग्लैंड को इस गेंदबाज को टीम मे शामिल करने की दी सलाह
चंडीगढ, 10 जुलाई (विश्ववार्ता) भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम दूसरे मैच में 336 रनों के बड़े अंतर से हार गई। सीरीज के तीसरे मैच से पहले इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने मेजबान टीम को जोफ्रा आर्चर को अपने पेस अटैक में शामिल करने की सलाह दी है। एंडरसन के मुताबिक मेजबान टीम को तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को शामिल करके एक मौका लेना चाहिए। बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ यह मैच लॉर्ड्स में खेलेगी।
भारत ने सीरीज का पहला मैच पांच विकेट से गंवा दिया था, जिसके बाद उसने एजबेस्टन में 336 रनों से जीत दर्ज की। टेस्ट इतिहास में इस मैदान पर भारत की यह पहली जीत थी। फिलहाल पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर है।






















