PM नरेंद्र मोदी को नामीबिया ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा
चंडीगढ, 10 जुलाई (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया ने उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। उन्हें यह सम्मान बुधवार को नामीबिया के राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया है, जो नामीबिया का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है।
27वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी के लिए यह 27वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से मिला है। इससे पहले भी उन्हें कई देशों की ओर से इस तरह के सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
द्विपक्षीय वार्ता और समझौते
सम्मान प्रदान किए जाने से पहले, प्रधानमंत्री मोदी और नामीबिया के राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान भारत और नामीबिया ने ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने नामीबिया के राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के साथ विंडहोक में आयोजित प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान कहा, “मैं आपको और नामीबिया सरकार को मुझे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेलविचिया मिराबिलिस’ से सम्मानित करने के निर्णय के लिए धन्यवाद देता हूं, जो 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात है।
गौरतलब हो, यह प्रधानमंत्री मोदी के लिए 27वां वैश्विक सम्मान है, जो उनकी पांच देशों की यात्रा के दौरान चौथा और 24 घंटे से भी कम समय में दूसरा है। वहीं, भारतीय समयानुसार मंगलवार रात को, ब्राज़ील ने प्रधानमंत्री मोदी को देश की राजकीय यात्रा के दौरान अपना सर्वोच्च सम्मान – ग्रैंड कॉलर ऑफ़ द नेशनल ऑर्डर ऑफ़ द सदर्न क्रॉस – प्रदान किया।
वहीं, पिछले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी पोर्ट ऑफ स्पेन की दो दिवसीय यात्रा के दौरान कैरेबियाई राष्ट्र के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित होने वाले पहले विदेशी नेता बने।त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भारतीय प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके वैश्विक नेतृत्व, भारतीय प्रवासियों के साथ गहरे संबंधों और कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मानवीय प्रयासों के लिए दिया जा रहा है।






















