चुनाव आयोग ने 8 राजनीतिक दलों को नोटिस किया जारी
चंडीगढ, 9 जुलाई (विश्ववार्ता) पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया है कि चुनाव आयोग ने 8 ऐसे पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिन्होंने 2019 के बाद से किसी भी लोकसभा, विधानसभा या उपचुनाव में भाग नहीं लिया है। आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत इन दलों को पंजीकृत राजनीतिक दलों की सूची से हटाने का प्रस्ताव रखा है।
उन्होंने बताया कि जिन दलों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें अखिल भारतीय शिरोमणि बाबा जीवन सिंह माझी दल, भारतीय मोहब्बत पार्टी (अखिल भारतीय), नागरिक अधिकार पार्टी, डेमोक्रेटिक कांग्रेस पार्टी, डेमोक्रेटिक स्वराज पार्टी, फुले भारतीय लोक पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और सदा पंजाब पार्टी शामिल हैं।
























