प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी BRICS शिखर सम्मेलन के लिए ब्राजील पहुंचे
चंडीगढ, 6 जुलाई (विश्ववार्ता) चौथी बार ब्राजील दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से उत्साहित भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। ऑपरेशन सिंदूर लिखा पोस्टर भी ले रखा था। महिलाओं ने पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नृत्य के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया। रियो डी जेनेरियो में आयोजित इस स्वागत समारोह में ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित एक विशेष प्रस्तुति भी दी गई।
यह उनकी पांच देशों की यात्रा का चौथा चरण है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंच गया हूं, जहां मैं ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लूंगा और बाद में राष्ट्रपति लूला के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर उनकी राजधानी ब्रासीलिया जाऊंगा। इस यात्रा के दौरान बैठकों और बातचीत के सार्थक दौर की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट में कहा, ब्रिक्स साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे।
पीएम मोदी अर्जेंटीना से यहां पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति जेवियर माइली के साथ व्यापक बातचीत की और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, दवा, ऊर्जा और खनन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।





















