पोप फ्रांसिस का निधन, 88 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
प्रधानमंत्री मोदी समेत दिग्गजों ने जताया शोक
चंडीगढ़, 21 अप्रैल (विश्व वार्ता) पोप फ्रांसिस अब हमारे बीच नहीं रहे। सोमवार 21 अप्रैल, 2025 को 88 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। उन्होंने वेटिकन के कासा सांता मार्टा स्थित अपने निवास पर सुबह 7.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) अंतिम सांस ली। वेटिकन समाचार के मुताबिक, वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीते दिन ईस्टर के अवसर पर लंबे समय के बाद वे लोगों के सामने आए थे।
पोप के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘परम पूज्य पोप फ्रांसिस के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुख और स्मरण की इस घड़ी में, वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉनडर लेयन ने लिखा, ‘आज दुनिया पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक मना रही है। उन्होंने कैथोलिक चर्च से कहीं आगे बढ़कर अपनी विनम्रता और प्रेम से लाखों लोगों को प्रेरित किया।’
























