Haryana News: जींद के सफीदों रोड पर दो भाइयों की गोलियां मार कर हत्या
परिजनों का अंतिम संस्कार से इनकार
चंडीगढ़, 9 अप्रैल (विश्व वार्ता)जींद के सफीदों रोड पर जमीन विवाद के चलते निर्जन गांव के दो भाइयों सतीश व दिलबाग की रात को गोदाम के बाहर गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतकों के शव को जींद के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों के परिजन विजय ने कहा कि पुलिस जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस के मुताबिक निर्जन गांव के रहने वाले सतीश (44) और दिलबाग (50) का गांव के ही कुछ लोगों के साथ झगड़ा चल रहा था। इसी मामले में मंगलवार रात को 11 बजे के करीब सतीश व दिलबाग के साथ फिर से दूसरे पक्ष के आरोपियों ने झगड़ा किया।
इसके बाद रात 2 बजे गाड़ी में सवार होकर कुछ लोग आए। उन्होंने आते ही सतीश और दिलबाग पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसमें सतीश और दिलबाग दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर सतीश का बेटा मोहित बाहर आया तो दोनों जमीन पर पड़े मिले। मोहित दोनों को जींद के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। थोड़ी देर में मृतकों के शव का पोस्टमॉर्टम होगा। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
























