
लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना 4 जून, 2024 को सुबह 8:00 बजे शुरू होगी-सीईओ सिबिन सी
पंजाब में 117 केंद्रों पर होगी मतगणना
चंडीगढ, 3 जून: (विश्ववार्ता): पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) सिबिन सी ने बताया है कि लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना 4 जून, 2024 को सुबह 8:00 बजे शुरू होगी। विभिन्न राज्यों के अखिल भारतीय सेवाओं और सिविल सेवा संवर्ग से लिए गए कुल 64 मतगणना पर्यवेक्षक मतगणना प्रक्रिया की देखरेख करेंगे।
इन अनुभवी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है कि मतगणना पारदर्शी, कुशलतापूर्वक और भारत के चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए की जाए। मतगणना केंद्रों के बारे में जानकारी देते हुए सिबिन सी ने बताया कि राज्य में 48 भवनों और 27 स्थानों पर कुल 117 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से अधिकांश स्थान जिला मुख्यालयों में स्थित हैं, जबकि 7 स्थान जिला मुख्यालयों से बाहर हैं, जिनमें अजनाला, बाबा बकाला, अबोहर, मलोट, धुरी, छोकरा राहों-नवां शहर और खूनी माजरा (खरड़) शामिल हैं। उन्होंने आगे बताया कि संगरूर और नवां शहर में जिला मुख्यालयों पर मतगणना नहीं की जाएगी। सीईओ ने कहा कि इन मतगणना केंद्रों पर स्ट्रांग रूम में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।






















