
पंजाब में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए आपातकालीन देखभाल और योजनाओं पर वर्कशाप आज
चंडीगढ, 20 अगस्त (विश्ववार्ता) राज्य में सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों के लिए आपातकालीन देखभाल और मुआवज़ा योजनाओं को और सुचारू तरीके से लागू करने और इनसे संबंधित समझ को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पंजाब सड़क सुरक्षा काउंसिल द्वारा “पंजाब में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए आपातकालीन देखभाल और योजनाओं पर वर्कशाप “आज 20 अगस्त, 2024 को महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (मेगसिपा) ऑडिटोरियम, सेक्टर-26, चंडीगढ़ में आयोजित की जा रही है।
परिवहन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह वर्कशाप का उद्घाटन करेंगे, जबकि परिवहन और ग्रामीण विकास तथा पंचायत मंत्री सरदार लालजीत सिंह भुल्लर समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने बताया कि ज़िला प्रशासनिक अधिकारी (एसडीएम और इससे ऊपर), ज़िला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण के सचिव, ज़िला यातायात पुलिस अधिकारी (डीएसपी और इससे ऊपर), स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी (सहायक सिविल सर्जन और इससे ऊपर व), परिवहन अधिकारी (आरटीओ और इससे ऊपर), ज़िला रेड क्रॉस सोसाइटियों के सचिव, सड़क सुरक्षा बल के हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों के इंचार्ज और सड़क सुरक्षा के लिए काम करने वाली ग़ैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि इस एक दिवसीय वर्कशाप में भाग लेंगे।
कार्यशाला के दौरान पीजीआई के डॉक्टरों की टीम द्वारा “आपातकालीन देखभाल से संबंधित आवश्यक बिंदु”, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा “पंजाब में फरिश्ता योजना का कार्यान्वयन”, पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं प्राधिकरण की अतिरिक्त सचिव सुश्री स्मृति धीर द्वारा “हिट एंड रन मोटर दुर्घटना योजना के मुआवज़े का कार्यान्वयन” और सुश्री मधुलिका भास्कर, डिप्टी सचिव, जनरल इंश्योरेंस काउंसिल, मुंबई द्वारा “हिट एंड रन योजना के तहत मुआवज़े के हस्तांतरण” जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रकाश डाला जाएगा। प्रत्येक प्रस्तुति के बाद अतिथि वक्ताओं के साथ पैनल चर्चा भी की जाएगी।























