दबुर्जी एनआरआई गोलीकांड मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कुल इतने बदमाशों को दबोचन मे हासिल की सफलता
चंडीगढ़, 26 अगस्त (विश्ववार्ता) अमृतसर के दबुर्जी इलाके में एक एनआरआई युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में तीन गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन तीनों बदमाशों को होशियारपुर से गिरफ्तार किया है। गोलीबारी की इस घटना के बाद पुलिस लगातार अपराधियों को पकडऩे के लिए जाल बिछा रही थी। जानकारी के मुताबिक इन बदमाशों को होशियारपुर की एक धर्मशाला से घेरकर गिरफ्तार किया गया है. यह सफलता होशियारपुर और अमृतसर की पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में मिली है। हालांकि, अभी तक यह जानकारी पूरी तरह से नहीं मिल पाई है कि होशियारपुर की इस धर्मशाला में ये अपराधी कितने दिनों से रह रहे थे. लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक पिछले एक-दो दिनों से उन्होंने इसी धर्मशाला को अपना ठिकाना बना लिया था।
गौरतलब है कि यह मामला लगातार सुर्खियों में था और कहीं न कहीं पुलिस पर इसे लेकर दबाव भी था. कानून व्यवस्था को लेकर यह मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा था और एनआरआई पर गोली चलाने की घटना को लेकर विपक्षी राजनीतिक दल लगातार पंजाब सरकार और पुलिस पर सवाल उठा रहे थे।
आपको बता दें कि पिछले शनिवार को अमृतसर के दबुर्जी कस्बे में एक एनआरआई युवक सुखचैन सिंह पर दो युवकों ने उसके घर में घुसकर हमला किया था और फायरिंग की थी. जिसके बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया. युवक की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें पीडि़त एनआरआई युवक की पहली पत्नी के पिता को भी गिरफ्तार किया गया है. जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि युवक की मृत पत्नी के परिजनों ने सुपारी देकर उसकी हत्या कराने की कोशिश की थी. इन पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार गोली चलाने वाले दो युवकों की तलाश कर रही थी और आज होशियारपुर की एक धर्मशाला से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि इन तीन बदमाशों में युवक पर गोलियां चलाकर उसकी हत्या करने की कोशिश करने वाले दो आरोपी भी शामिल थे।
























