
देश में कथित तौर पर चल रही ‘तानाशाही’ अस्वीकार्य है-अरविंद केजरीवाल
कहा देश ने पिछले 75 वर्षों में कभी ऐसा दौर नहीं देखा
भाजपा पर लगाया सभी प्रतिद्वंद्वी पार्टी नेताओं को जेल में डालने का आरोप
चंडीगढ, 17 मई (विश्ववार्ता) भारतीय जनता पार्टी पर प्रहार करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में कथित तौर पर चल रही ‘तानाशाही’ अस्वीकार्य है और देश ने पिछले 75 वर्षों में कभी ऐसा दौर नहीं देखा। केजरीवाल अमृतसर में आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के कार्यकर्ताओं और विधायकों सहित नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उनसे पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीट पर ‘आप’ की जीत सुनिश्चित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने को कहा। उन्होंने भाजपा पर सभी प्रतिद्वंद्वी पार्टी नेताओं को जेल में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश में जो तानाशाही चल रही है, वह स्वीकार्य नहीं है।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग संविधान बदलना चाहते हैं। इन लोगों के मन में बहुत खतरनाक मंसूबे हैं। वे बार-बार 400 का आंकड़ा पार करने की बात कह रहे हैं। लेकिन ये नहीं बता रहे थे कि 400 सीटें क्यों चाहिए? मैंने पता किया तो मालूम हुआ कि इनको ओबीसी और एससी एसटी वर्ग को मिले आरक्षण खत्म करने के लिए 400 सीटें चाहिए।
केजरीवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मेरी आजादी आप लोगों के वोटों पर ही निर्भर है। आपका वोट तय करेगा कि मैं जेल से बाहर रहूंगा या दोबारा जेल जाउंगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव नहीं है, यह देश का संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। इस बार आपको देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए मतदान करना होगा।
भारत ने पिछले 75 सालों में ऐसा दौर कभी नहीं देखा जब विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया हो।’’ उन्होंने भारत के हालात की तुलना रूस से करने की कोशिश भी की। केजरीवाल ने कहा, ‘‘रूस में व्लादिमीर पुतिन ने या तो सभी प्रतिद्वंद्वी नेताओं को जेल भेज दिया या उन्हें मरवा दिया और फिर चुनाव कराया तथा उन्हें 87 फीसदी वोट मिले। जब कोई विपक्ष नहीं होगा तो वोट आपको ही मिलेंगे।’’
आप संयोजक ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे जेल में डाल दिया, मनीष सिसोदिया (दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री) को जेल में डाल दिया गया, कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते से लेनदेन पर रोक लगा दी गई, तृणमूल कांग्रेस को परेशान किया जा रहा है, स्टालिन (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन) के मंत्रियों को जेल में डाल दिया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सबको जेल में डाल दो। तब केवल एक पार्टी और एक नेता बचेगा लेकिन लोकतंत्र नहीं बचेगा। हमें ऐसा नहीं होने देना है।’’ केजरीवाल पंजाब आए थे। उन्होंने ‘आप’ के अमृतसर से उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल के समर्थन में रोड शो किया था।
अमृतसर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक। https://t.co/MwPsIjcG50
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 17, 2024























