अमेरिका द्वारा जवाबी टैरिफ की घोषणा के बाद आई Sensex and Nifty में गिरावट
चंडीगढ़, 3 अप्रैल (विश्व वार्ता)अमेरिका द्वारा जवाबी टैरिफ की घोषणा के बाद एशियाई बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई। अमेरिका ने भारत पर 27 प्रतिशत का जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन का मानना है कि भारत अमेरिकी वस्तुओं पर उच्च आयात शुल्क लगाता है, इसलिए देश के व्यापार घाटे को कम करने और विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए यह कदम आवश्यक था।
इस कदम से अमेरिका को भारत के निर्यात पर असर पड़ने के आसार हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में बेहतर स्थिति में है, जिन्हें हमसे अधिक शुल्क का सामना करना पड़ेगा।
बीएसई सेंसेक्स 378.60 अंक या 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,238.84 अंक पर आ गया। बाद में यह 809.89 अंक या 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,807.55 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया।
एनएसई निफ्टी 80.60 अंक या 0.35 प्रतिशत फिसलकर 23,251.75 अंक पर आ गया।























