गैंगस्टरां ते वार का 276वां दिन: पंजाब पुलिस ने 468 ठिकानों पर की छापेमारी; 181 काबू
— पुलिस टीमों ने 145 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई भी की
— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से गैंगस्टरों के बारे में दे सकते हैं जानकारी
— युद्ध नशों विरुद्ध के 601वें दिन 111 नशा तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़, 23 अक्टूबर (विश्ववार्ता);- ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 276वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिह्नित एवं मैप किए गए 468 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक लड़ाई है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं।
अभियान के 276वें दिन पुलिस टीमों ने सात हथियारों सहित 181 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 80,234 हो गई है।
इसके अलावा, 145 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई के दौरान छह भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी गोपनीय रूप से दे सकते हैं। इसके अलावा, अपराध और आपराधिक गतिविधियों के बारे में भी सूचना साझा कर सकते हैं।
इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपना अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ 601वें दिन भी जारी रखा। आज इस अभियान के तहत 111 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 251 ग्राम हेरोइन, 2,111 नशीली गोलियां और 2,950 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही अभियान के 601 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 87,391 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 12 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए भी राजी किया है।






















