IPL 2025 में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स होंगी आमने-सामने
दिल्ली सीजन में एक भी मैच नहीं हारी
चंडीगढ, 10 अप्रैल:(विश्ववार्ता): IPL 2025 का 24वां मैच आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें इस सीजन पहली बार आमने-सामने होंगी। शानदार फॉर्म में चल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर का सामना आईपीएल के मैच में दिल्ली कैपिटल्स से होगा तो सभी की नजरें विराट कोहली और मिचेल स्टार्क की टक्कर पर लगी होंगी। दिल्ली ने अब तक तीनों मैच जीते हैं जबकि आरसीबी ने 4 में से 3 मैच में जीत दर्ज की है। दोनों टीमें हालात और विरोधी टीम के अनुकूल खुद को ढालने में कामयाब रही हैं। आरसीबी ने कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में जीत दर्ज की और एकमात्र पराजय उसे चिन्नास्वामी स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस के हाथों झेलनी पड़ी।
36 वर्ष के विराट को हालांकि आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव से पार पाना होगा। स्टार्क 3 मैचों में 11 की औसत से 9 विकेट ले चुके हैं। पावरप्ले में स्टार्क और कोहली की भिड़ंत पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। स्पिनरों के खिलाफ ऊंचे और स्वीप शॉट खेलने की अपनी कमजोरी से पार पा चुके कोहली काफी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं।























