IPL-2025, रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने राजस्थान को दी मात
प्लेऑफ के करीब पहुंची अय्यर की टीम
चंडीगढ़, 18 मई (विश्व वार्ता) पंजाब ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हराकर प्लेऑफ के लिए दावा मजबूत कर लिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन बनाए थे। राजस्थान ने जवाब में 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन बनाए। राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक जड़े, लेकिन पंजाब की टीम गेंदबाजों के दम पर वापसी करने में सफल रही। इस जीत के साथ ही पंजाब के 17 अंक हो गए हैं और वह प्लेऑफ में पहुंचने के बेहद करीब पहुंच गई है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी और वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में ही 76 रनों की साझेदारी कर ली थी। हरप्रीत बरार ने वैभव को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा जो 15 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी यशस्वी नहीं रुके और उन्होंने 24 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, पचासा लगाने के बाद ही वह अपना विकेट गंवा बैठे और 25 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
























