
Hindi News: मत्स्य संपदा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तिथि
कई महत्वपूर्ण लक्ष्य निर्धारित किए गए
चंडीगढ, 24 अगस्त, 2026 (विश्ववार्ता) PM Matsya Sampada Yojana:प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है। मत्स्य पालक विकास अभिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुषमा निषाद ने आम जनता से निर्धारित समय सीमा के भीतर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित इस योजना के अंतर्गत जिले में उपलब्ध शेष लक्ष्यों के सापेक्ष लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाना है। इसके लिए विभागीय पोर्टल पर 14 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इनमें मध्याकार आरएएस (रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम) में सामान्य वर्ग के लिए तीन यूनिट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, रियरिंग यूनिट के निर्माण के लिए महिला एवं अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित 22.667 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है।
महिला वर्ग के लिए बैकयार्ड आरएएस की 241 यूनिट्स तथा जलाशयों में 65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं के संचय का लक्ष्य भी निर्धारित है। साथ ही, पारंपरिक मछुआरों के 500 परिवारों को आजीविका एवं पोषण संबंधी सहायता परियोजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। PM Matsya Sampada Yojana:
विभाग के अनुसार, इच्छुक लाभार्थी 24 अगस्त तक विभागीय वेबसाइट fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित परियोजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों के आवेदन पूर्व वर्षों में निरस्त हुए हैं या लंबित हैं, वे भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजना के प्रावधानों में भविष्य में किसी भी संशोधन की स्थिति में संशोधित प्रावधान ही लागू होंगे। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जनपदीय कार्यालय मत्स्य विभाग, अयोध्या से संपर्क कर सकते हैं।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/






















