फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर आज पहली राजकीय यात्रा पर …
राष्ट्रपति बनने के बाद मार्कोस जूनियर का यह पहला भारत दौरा
चंडीगढ़, 4 अगस्त (विश्ववार्ता) फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर 4 से 8 अगस्त तक भारत के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एस जयशंकर, जेपी नड्डा और बंगलूरू के राज्यपाल थावर चंद गहलोत से मिलेंगे। 5 अगस्त को मार्कोस राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिसके बाद हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ बैठक होगी। दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होगा। सात अगस्त को राष्ट्रपति मार्कोस बंगलूरू भी जाएंगे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 18 मार्च, 2025 को फिलीपींस के विदेश सचिव एनरिक ए. मनालो से मुलाकात की थी, जब श्री मनालो नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग में शामिल हुए थे। दोनों मंत्रियों ने 25 जुलाई, 2024 को आसियान-भारत विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान वियनतियाने में भी मुलाकात की थी। श्री जयशंकर 25-27 मार्च, 2025 तक फिलीपींस की यात्रा पर रहे थे। इस यात्रा के दौरान, उन्होंने सचिव मनालो और फिलीपींस के राष्ट्रीय रक्षा सचिव टेओडोरो गिल्बर्ट से मुलाकात की और राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की।
मार्कोस परिवार आधी सदी से भी ज़्यादा समय से फिलीपींस की राजनीति का हिस्सा रहा है। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस, जिन्होंने 1972 में फिलीपींस में मार्शल लॉ लागू किया था, मई 1976 में नैरोबी में आयोजित संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन (UNCTAD) के चौथे सत्र से लौटते समय भारत आए थे।
























