चंडीगढ़, 26 मई (विश्व वार्ता) IPL में लीग स्टेज के 2 ही मैच बचे हैं। इनसे तय होगा कि पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 पोजिशन पर कौनसी टीमें रहेंगी। आज मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच मैच खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम नंबर-1 पर पहुंचने के साथ ही टॉप-2 पोजिशन भी कन्फर्म कर लेगी।
ये मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। वैसे तो दोनों ही टीमें इस सीजन के प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी हैं लेकिन फिर भी ये मैच जीतना इनके लिए बेहद जरूरी है। जो भी टीम इस मैच को जीतेगी वो पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहेगी और उन्हें क्वालीफायर-1 खेलने का मौका मिलेगा। इस बीच आइए हम आपको बताते हैं कि PBKS vs MI मैच के दौरान जयपुर की पिच का मिजाज कैसा रहेगा।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच की बात करें तो वह आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। इस पिच पर बैटिंग करना आसान होता है। पहले बल्लेबाजी करते हुए यहां 170 से 180 रन का स्कोर अच्छा माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ मैचों में यहां हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। पिछले मैच में दोनों टीमों ने 200 से ज्यादा रन बनाए थे। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। अगर इस मैच के दौरान ओस गिरने की संभावना रहती है तो फिर टॉस की भूमिका काफी अहम हो जाएगी। अब देखना ये होगा कि टॉस जीतकर यहां कप्तान क्या चुनते हैं।