
क्या देश में पैरासिटामोल पर है प्रतिबंध ?
सरकार ने संसद में किया स्पष्ट
सरकारी अस्पतालों में फ्री दवाओं की सुविधा
चंडीगढ़, 6 अगस्त (विश्ववार्ता) देश में सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाने वाली दवा पैरासिटामोल को लेकर बीते कुछ समय से सोशल मीडिया और कुछ खबरों में भ्रम की स्थिति बन गई थी। कई लोग यह मान बैठे थे कि सरकार ने इस आम बुखार और दर्द की दवा पर किसी तरह का प्रतिबंध लगा दिया है। लेकिन संसद में दिए गए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के बयान ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
। केंद्रीय रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को लोकसभा में स्पष्ट किया कि पैरासिटामोल पर देश में कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। मानसून सत्र के दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) को इस दवा को प्रतिबंधित करने से जुड़ी कोई सूचना नहीं मिली है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने भी इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
अनुप्रिया पटेल ने यह भी जानकारी दी कि सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत मुफ्त दवा वितरण योजना चला रही है, जिससे आम जनता को सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाएं मुफ्त में मिलें।























