पूर्व PM मनमोहन सिंह का निधन,सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द
कल होगा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
7 दिनों तक रहेगा राष्ट्रीय शोक
चंडीगढ़, 27 दिसंबर (विश्ववार्ता) आर्थिक सुधारों के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का रात यहां निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली ने सिंह के निधन की घोषणा की. उन्हें गंभीर हालत में रात करीब साढ़े आठ बजे आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था. सरकार के सूत्रों के मुताबिक मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा, सात दिनों का राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्रियों के निधन पर आमतौर पर सरकार राष्ट्रीय शोक की घोषणा करती है. इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहता है और सरकारी कार्यालयों में अवकाश हो सकता है. हालांकि, स्कूल और अन्य संस्थानों के लिए अवकाश की घोषणा का निर्णय राज्य सरकार पर निर्भर करता है।
भारत सरकार ने आज (27 दिसंबर) के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (28 दिसंबर) को होने की उम्मीद है। मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में पंजाब में हुआ था। वह 2004 से 2014 तक लगातार दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पहली बार पीएम पद की शपथ ली थी। उन्होंने 2009 से 2014 तक अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किया। उसके बाद 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी ने उनकी जगह ली। 33 साल तक सेवा देने के बाद वे इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो गए थे।
आपको बता दें कि गुरुवार को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद, इंटरनेट पर’Manmohan Singh death holiday’ और ‘Is tomorrow a national holiday’ जैसी सर्च में अचानक वृद्धि देखी गई. लोग यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या इस दुखद घटना के बाद देश में राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाएगा. खासकर उत्तर प्रदेश में ‘Is tomorrow school holiday in UP’ जैसे सवाल भी बड़ी संख्या में सर्च किए जा रहे हैं।
























