
अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल को आरडीएक्स से उड़ाने की मिली एक बार फिर धमकी
श्री हरिमंदिर साहिब को मिल चुकी हैं अब तक 14 धमकियां
चंडीगढ़, 30 जुलाई (विश्ववार्ता) अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल (हरिमंदिर साहिब) को आरडीएक्स से उड़ाने की एक बार फिर धमकी मिली है। यह धमकी सोमवार को एसजीपीसी की ई-मेल पर भेजी गई है। ई-मेल में लिखे संदेश की शैली वही है, जो इससे पहले दी गई 13 धमकियों में लिखी गई है। लेकिन हैरानी की बात तो यह कि अभी तक पुलिस ई-मेल भेजने वाली आरोपी का पता नहीं लगा सकी है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि अब तक श्री हरिमंदिर साहिब को 14 धमकियां मिल चुकी हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। अब तक पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कुछ नहीं बताया जा रहा है। पंजाब के सीएम भगवंत मान खुद 22 जुलाई को पुलिस अधिकारियों के साथ श्री हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा का जायजा ले चुके हैं। इसके बाद आरोपियों ने ईमेल के मार्फत श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को भी आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी दी थी।






















