IPL-18 के 48वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया
नरेन-वरुण की फिरकी का चला जादू
चंडीगढ़, 30 अप्रैल (विश्ववार्ता IPL-18 के 48वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 14 रन से हरा दिया। मंगलवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कोलकाता ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 204 रन बनाए। जवाब में दिल्ली 9 विकेट पर 190 रन ही बना सकी।
सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की फिरकी के जादू के चलते कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2025 के 48वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 14 रनों से हरा दिया।कोलकाता के लिए सुनील नरेन ने 4 ओवर में 29 रन देते हुए 3 विकेट झटके जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 39 रन देते हुए 2 विकेट झटके. इस जीत के साथ ही कोलकाता ने दो अहम अंक हासिल किए हैं और उन्होंने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
कोलकाता से मिले 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 4 के स्कोर पर अभिषेक पोरेल का विकेट गंवा दिया। इसके बाद करुण नायर भी 15 रन बनाकर आउट हुए. जबकि केएल राहुल 7 के स्कोर पर रन आउट हुए. इसके बाद अक्षर पटेल और फाफ डु प्लेसिस ने साझेदारी का प्रयास किया और दिल्ली को रन चेज में बनाए रखा. लेकिन जैसे ही यह जोड़ी टूटी तो दिल्ली मैच से बाहर हो गई. अंत में विप्राज निगम ने जरूर कुछ बड़े शॉट्स लगाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी. दिल्ली के लिए फाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 45 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली, जबकि अक्षर पटेल ने 23 गेंदों में 43 तो विप्राज ने 19 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली।























