
Chhattisgarh में नक्सलियों से बड़ी मुठभेड़, एक करोड़ का इनामी कमांडर को मार गिराया
मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर , कौन था बालकृष्ण ?
चंडीगढ, 12 सिंतबर (विश्ववार्ता) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में संगठन का बड़ा नेता मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण भी शामिल है। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
Chhattisgarh security-forces-killed-10 naxalites
ऑपरेशन कैसे चला?
सूत्रों के मुताबिक, खुफिया जानकारी से पता चला था कि इलाके में शीर्ष नक्सली नेता बालकृष्ण मौजूद है। इसी आधार पर बुधवार को सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन शुरू किया और मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर कर दिए।
डेढ़ साल में 500 नक्सली मारे गए
बीते तीन महीने में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की यह दूसरी बड़ी कामयाबी है. इससे पहले मुठभेड़ में नक्सलियों का बड़ा कमांडर बसवराजू मारा गया था. पिछले डेढ़ वर्ष में छत्तीसगढ़ में लगभग 500 नक्सली मुठभेड़ों में ढेर किए गए हैं, जबकि 20 वर्षों में करीब 1500 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 3000 से अधिक ने आत्मसमर्पण किया है. यह अभियान नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
बालकृष्ण नक्सली संगठन का बड़ा नेता था। उस पर हत्या, लूट और पुलिस पर हमले जैसे कई गंभीर अपराधों के आरोप थे। उसकी मौत से नक्सली संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह कई बड़ी वारदातों का मास्टरमाइंड था। सुरक्षाबलों का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी और इलाके में शांति बहाल करने की दिशा में यह एक अहम कदम है।
16 नक्सलियों ने सरेंडर किया
इससे पहले, छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली माओवादी विचारधारा से निराश हो चुके थे। उन्होंने निर्दोष आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों और संगठन में बढ़ते आंतरिक मतभेदों को वजह बताया। पुलिस पूछताछ में नक्सलियों ने बताया कि असल में माओवादी शीर्ष नेता ही आदिवासियों के दुश्मन हैं।























