प्रयागराज में हुई हिंसक बवाल को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद का बडा बयान आया सामने
कहा बाबा साहब अंबेडकर के अनुयायी हिंसा से दूर
कार्यकर्ताओं के साथ गलत हुआ तो करेगे बडा आंदोलन: चंद्रशेखर
चंडीगढ, 1 जुलाई: (विश्ववार्ता): नगीना से सांसद व भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर आजाद का प्रयागराज में बीते रविवार को हुए हिंसक बवाल को लेकर बडा बयान सामने आया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर उनके कार्यकर्ताओं के साथ गलत हुआ तो अब आंदोलन कौशांबी और इलाहाबाद में नहीं, बल्कि लखनऊ में होगा। उन्होंने कहा कि हम अपने हर एक कार्यकर्ता का पूरा संरक्षण करेंगे। अगर उन पर अत्याचार किए गए तो उत्तर प्रदेश के बहुजन समाज के लोग चुप नहीं बैठेंगे। हम सडक़ों पर उतरकर मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा का घेराव भी करेंगे।
प्रयागराज की घटना पर मीडिया से बातचीत करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के अनुयायी कभी हिंसा नहीं करते और ना ही हिंसा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग के लोगों पर हिंसा का आरोप लगाना बहुत आसान होता है। चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि कई वीडियो वायरल हो रही हैं जिनमें पुलिस के साथ मिलकर कुछ स्थानीय लोग पथराव कर रहे हैं। कई वाहन भी आग के हवाले किए गए हैं।
आपको बता दें कि घटना के बाद पुलिस ने 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया और सैकड़ों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रशासन ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।























