आज से अटारी समेत तीनों बॉर्डर पर फिर शुरू होगी रिट्रीट सेरेमनी
BSF ने लिया नया फैसला, क्या है रिट्रीट सेरेमनी ?
चंडीगढ़, 20 मई (विश्व वार्ता) अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी फिर आज से शुरू होगी, लेकिन पहलगाम हमले के बाद बीएसएफ ने एक कड़ा संदेश भेजने का विकल्प चुना है। इसके तहत अब न ही गेट खुलेगा और न ही दोनों देशों के कमांडर हाथ मिलाएंगे। जानकारी दे दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद से यह बॉर्डर बंद कर दी गया था।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि अटारी, हुसैनीवाला और सादकी बॉर्डर पर मंगलवार शाम 6:30 बजे से बीएसएफ जवानों और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच रिट्रीट सेरेमनी शुरू होगी। सेरेमनी देखने के लिए आम पब्लिक भी अब आ सकेगी। गौरतलब है कि पहलगाम हमलेे के बाद सरकार ने सख्त फैसला लेते हुए बॉर्डर के गेट बंद करवा दिए थे और पाकिस्तान-भारत में छिड़े युद्ध के दौरान 6 मई से तीनों ही बॉर्डर पर सेरेमनी पूरी तरह बंद कर दी गई थी।
अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी, भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर रोजाना होती है। यह समारोह बीएसएफ (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) और पाकिस्तान रेंजर्स के जवानों द्वारा साझा रूप से आयोजित किया जाता है। इस समारोह को देखने के लिए देश और विदेश से लोग आते हैं।
समारोह का समय हर मौसम के मुताबिक बदलता रहता है, लेकिन आमतौर पर सर्दियों में यह समारोह शाम 4:15 बजे और गर्मियों में शाम 5:15 बजे शुरू होता है। मंगलवार यानी कल से सेरेमनी फिर से शुरू होने से, लोगों को यह अवसर मिलेगा कि वे इस अनोखे अनुभव को दोबारा महसूस कर सकें।
























