Amritsar: आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ ने ASI की हत्या की ली ज़िम्मेदारी
चंडीगढ, 18 सिंतबर, 2026 (विश्ववार्ता) अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह मोटरसाइकिल पर पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी उनकी गर्दन में गोली लग गई। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) ने हत्या की ज़िम्मेदारी ली है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद DGP गौरव यादव अमृतसर पहुंचे। उन्होंने अमृतसर पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल और बॉर्डर रेंज IG गुरप्रीत सिंह भुल्लर के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। DGP ने कहा कि ASI को .30 बोर की पिस्तौल से बहुत करीब से गोली मारी गई थी। मौके पर मिले कारतूस के खोखे फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ASI की हत्या पर दुख जताया और परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया।
जानकारी के मुताबिक, हरजीत सिंह तरनतारन के रहने वाले थे और गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में तैनात थे। गुरुवार रात 2:30 से 3:00 बजे के बीच वह दाना मंडी इलाके में पुलिस ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया, गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल हरजीत सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया, लेकिन उनकी हालत स्थिर नहीं हो सकी और चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हमले के बाद ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ नाम के एक संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है। इससे पहले इसी संगठन ने 11 सितंबर को अमृतसर के अजनाला इलाके में ASI जसवंत सिंह पर हुए हमले की भी जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां अभी इन दावों की सच्चाई की जांच कर रही हैं।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/






















