England vs Croatia: FIFA World Cup 2026 के ग्रुप-एल मुकाबले में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को दी शिकस्त
जूड बेलिंघम और मार्कस रैशफोर्ड ने भी स्कोरशीट पर दर्ज कराया अपना नाम
चंडीगढ, 18 जून, 2026 (विश्ववार्ता) इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। 18 जून (गुरूवार) को खेले गए ग्रुप L के मुकाबले में थॉमस टुखेल की टीम ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर तीन अहम अंक हासिल किए। डलास स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैरी केन (Harry Kane) ने दो गोल दागे, जबकि जूड बेलिंघम और मार्कस रैशफोर्ड ने भी स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज कराया।
हालांकि, यह मुकाबला अंतिम स्कोरलाइन में जितना आसान दिख रहा है, मैदान पर उतना आसान नहीं था। क्रोएशिया ने पहले हाफ में दो बार बराबरी करके इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। लेकिन दूसरे हाफ में थ्री लायंस ने अपना खेल पूरी तरह बदल दिया और अंत में 4-2 की जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। FIFA World Cup 2026
इंग्लैंड ने मैच की शुरुआत से ही क्रोएशिया पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था, जिसका फायदा उसे 12वें मिनट में मिला। युवा विंगर नोनी मादुएके गेंद लेकर बॉक्स के अंदर घुसे, जहां उन्हें रोकने की कोशिश में लुका मोड्रिच ने फाउल कर दिया। इसके बाद रेफरी ने तुरंत पेनल्टी का इशारा किया और इंग्लैंड को मैच में बढ़त हासिल करने का सुनहरा मौका मिल गया।
























