
“पेट्रोल और डीज़ल का इस्तेमाल कम करें,” PM मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार देशवासियों से की अपील
जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते हमें सोने की खरीदारी टाल देनी चाहिए-PM मोदी
नई दिल्ली,चंडीगढ़, 12 मई, (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे में लगातार दूसरी बार देशवासियों से तेल बचाने की अपील की है। PM मोदी ने साफ कहा कि तेल बचाना अब हर नागरिक की ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जहां तक हो सके, पेट्रोल और डीज़ल का इस्तेमाल कम करें और मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। Latest Natinal news,
वडोदरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों से पूरी दुनिया अस्थिर हालात से गुज़र रही है। पहले कोरोना महामारी, फिर ग्लोबल आर्थिक चुनौतियां और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव। इन सबका असर भारत पर भी पड़ रहा है। PM मोदी ने कहा कि जैसे देश ने मिलकर कोरोना संकट का सामना किया, वैसे ही देश मौजूदा संकट से भी उबर जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश का एक बड़ा पैसा सोने के इंपोर्ट पर भी विदेश जाता है। जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, हमें सोने की खरीदारी टाल देनी चाहिए। अभी सोने की ज़रूरत नहीं है। इसके अलावा, PM मोदी ने खाने के तेल का इस्तेमाल कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि देश खाने के तेल के इंपोर्ट पर भी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च करता है। अगर लोग खाने के तेल का इस्तेमाल कम करेंगे तो इससे देश और सेहत दोनों को फायदा होगा।
PM मोदी ने आगे कहा कि सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि इस संकट का देश के लोगों पर कम से कम असर पड़े। लेकिन इस समय देश को सबसे ज़्यादा पब्लिक पार्टिसिपेशन की ज़रूरत है। हमें भारत के नागरिक के तौर पर अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी होगी। PM मोदी ने कहा कि पिछले दशकों में भी, जब देश युद्ध या किसी बड़े संकट से गुज़रा, तो सरकार की अपील पर हर नागरिक ने अपनी ज़िम्मेदारी पूरी की। आज भी हमें उसी जज़्बे के साथ आगे आना होगा।
और खबरें पढ़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें: https://wishavwarta.in/






















