
Bikram Majithia की याचिका पर आज हाईकोर्ट करेगा सुनवाई
– गिरफ्तारी को चुनौती
चंडीगढ़, 29 जुलाई (विश्ववार्ता) आय से अधिक संपत्ति के मामले में नाभा जेल में बंद पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता (बिक्रम मजीठिया) बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर आज, 29 जुलाई को सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई के दौरान मजीठिया के वकीलों ने याचिका में संशोधन के लिए समय मांगा था, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया था।
विजिलेंस ब्यूरो ने मजीठिया को 25 जून को अमृतसर से गिरफ्तार किया था। उन पर अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसके अलावा, 2021 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मजीठिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में अब तक कुल छह लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें तत्कालीन डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय, ईडी के पूर्व उप निदेशक, मजीठिया के पूर्व निजी सहायक शामिल हैं।
पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छापेमारी की गई और बिक्रम मजीठिया की संपत्तियों की जाँच की गई। सरकार का दावा है कि उसके पास ठोस सबूत हैं। वहीं, मजीठिया के वकीलों का कहना है कि इस मामले में कोई ठोस आधार नहीं है। उनका आरोप है कि सरकार मीडिया में बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन उनके वकील अदालत में मुकर जाते हैं।
मजीठिया के वकीलों ने मोहाली कोर्ट में एक अर्जी दायर कर मांग की है कि मामले की सुनवाई बंद कमरे में नहीं, बल्कि लाइव स्ट्रीमिंग के ज़रिए की जाए। उनका तर्क है कि पूरे पंजाब और विदेशों में रहने वाले लोग भी इस मामले की सच्चाई जानना चाहते हैं।






















