पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश के जारी रहने की संभावना
इन राज्यों में भारी बरसात, मौसम विभाग का हाई अलर्ट
नदियां खतरे के निशान से ऊपर
चंडीगढ़, 28 जुलाई (विश्ववार्ता) देश के कई हिस्सों में आगामी दिनों में जोरदार बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने अनुमान जाहिर किया है कि 28 जुलाई से 3 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में निम्न दाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है. इसके कारण देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो सकती है.
महाराष्ट्र से लेकर राजस्थान और उत्तराखंड तक पिछले 24 घंटों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश ने कहर बरपाया। मुंबई में रविवार को भारी बारिश के चलते कई हिस्से जलमग्न दिखे। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पश्चिम उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में भी 7 से11 सेमी तक भारी बारिश हुई।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ओडिशा के बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों में उफनती नदियों का पानी निचले इलाकों में घुस गया है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। सुवर्णरेखा, बैतरणी और जलका नदियां खतरे के निशान पर या उससे ऊपर बह रही हैं। बैतरणी नदी रविवार सुबह दो बजे 19.09 मीटर पर बह रही थी, जो खतरे के स्तर 18.33 मीटर को पार कर गई। बंगाल के कई जिलों में लगातार बारिश जारी है। कोलकाता में 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गई।























