
Uttarakhand त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का आज होगा मतदान
12 जिलों में 49 विकासखंडों में वोटिंग
26 लाख मतदाता डालेंगे वोट
चंडीगढ, 24 जुलाई (विश्ववार्ता) उत्तराखंड में हरिद्वार जिला को छोड़ बाकी 12 जिलों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया जारी है. पहले चरण में 24 जुलाई को सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी. पहले चरण में होने वाले मतदान को लेकर सभी पोलिंग पार्टियों रवाना हो चुकी हैं.
वहीं, मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी पोलिंग पार्टियों को न सिर्फ बारिश से बचाव संबंधित सामान उपलब्ध कराए गए हैं. बल्कि, आपदा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी लगाई गई है.
बता दें कि उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर 28 जून को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से संशोधित अधिसूचना जारी की गई थी. जिसके तहत पंचायत चुनाव को दो चरणों में कराया जाना है. पहले चरण के तहत 24 जुलाई तो वहीं दूसरे चरण के तहत 28 जुलाई को मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी. इसके बाद 31 जुलाई को एक साथ मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी.
प्रदेश के 12 जिलों में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 में नाम वापसी के बाद 66,418 पदों के सापेक्ष 11,082 पदों पर चुनाव होने हैं. जिसके लिए 32,580 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. ऐसे में पंचायत चुनाव के पहले चरण में कुल 17,829 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे,
पहले चरण के तहत 24 जुलाई को गढ़वाल मंडल के 6 जिलों के 26 विकासखंडों और कुमाऊं मंडल के 6 जिलों के 23 विकासखंडों में मतदान होना है. पहले चरण के मतदान के तहत कुल 5,823 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. जहां मतदाता चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे.






















