
पंजाब के नौजवानों के लिए बडा मौका: इस जिले मे आज से शुरू हो रही है अग्निवीर वायु सेना भर्ती रैली
उपायुक्त ने भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चंडीगढ, 23 जुलाई (विश्ववार्ता) पंजाब के जालंधर जिले मे आज भारतीय वायुसेना के लिए अग्निवीर एयर इंटेक 01/2026 भर्ती रैली का आयोजन जालंधर में आज से 6 सितंबर 2025 तक किया जाएगा। यह रैली स्थानीय राजकीय कला एवं खेल महाविद्यालय के परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसकी तैयारियाँ जोरों पर हैं। आयोजन का जिम्मा 1 एयरमैन चयन केंद्र अंबाला ने संभाला है।
जालंधर के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं और प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त से 8 सितंबर 2025 तक कॉलेज का स्टेडियम और इनडोर सुविधाएं रैली के लिए आरक्षित रहेंगी, ताकि अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण, ठहराव और अन्य आवश्यकताओं के लिए पूरी सुविधा मिल सके।
डॉ. अग्रवाल ने रैली के सुचारू संचालन और समन्वय के लिए एसडीएम आदमपुर को इस आयोजन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही, विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं, जिनमें स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, परिवहन और अन्य जरूरी सेवाएँ शामिल हैं।
उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह रैली न केवल युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, बल्कि जिले की छवि को भी एक सकारात्मक दिशा में प्रस्तुत करती है। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि हम इसे हर स्तर पर सफल बनाएं।” प्रशासन ने विश्वास दिलाया है कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी। रैली के दौरान अभ्यर्थियों के लिए चिकित्सा सुविधा, जलापूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा और आवास जैसी मूलभूत आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
यह भर्ती रैली देश की युवा पीढ़ी को भारतीय वायुसेना में शामिल होने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। उम्मीद है कि बड़ी संख्या में युवा इसमें भाग लेंगे और राष्ट्र सेवा की दिशा में पहला कदम बढ़ाएंगे।






















