
आज रवाना होंगे पीएम मोदी दो देश यूके और मालदीव की राजकीय यात्रा पर
ब्रिटिश पीएम के न्योते पर पीएम मोदी का पहला ब्रिटेन दौरा
चंडीगढ, 23 जुलाई (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी चौथी ब्रिटेन यात्रा पर आज रवाना होंगे। इस दौरान बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप दिए जाने के साथ ही वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों खालिस्तानी चरमपंथियों की मौजूदगी पर भी चर्चा करेंगे।
पीएम मोदी की दो देशों की यात्रा पर मंगलवार को प्रेस वार्ता में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कल, 23 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ चर्चा के लिए यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। वह किंग चार्ल्स तृतीय से भी मुलाकात करेंगे। भारत और यूके दोनों के व्यापारिक नेताओं के साथ बातचीत की भी योजना है। पदभार ग्रहण करने के बाद से यह प्रधानमंत्री की यूके की चौथी यात्रा होगी।
विक्रम मिस्री ने बताया, “ब्रिटेन के कई विश्वविद्यालय भी भारत में अपना कैंपस खोलने पर विचार कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण रिश्ते के कुछ और भी तथ्य और आंकड़े हैं। 2023-24 में द्विपक्षीय व्यापार 55 बिलियन डॉलर को पार कर गया। यूके भारत में छठा सबसे बड़ा निवेशक है, जिसके पास कुल निवेश 36 बिलियन डॉलर का है
और दिलचस्प बात यह है कि भारत स्वयं ब्रिटेन में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का एक बड़ा स्रोत है, जिसका संचयी निवेश लगभग 20 अरब डॉलर है। उन्होंने आगे कहा कि रक्षा क्षेत्र में, हम सशस्त्र बलों की तीनों शाखाओं के बीच नियमित बातचीत और अभ्यास देख रहे हैं।
विदेश सचिव ने कहा कि भारत-यूके साझेदारी को 2021 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में उन्नत किया गया था और तब से उच्च स्तरीय राजनीतिक संपर्क नियमित रूप से हो रहे हैं। दोनों पक्ष इस साझेदारी को और ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वहीं, पीएम मोदी की मालदीव की यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री की मालदीव यात्रा 25 और 26 जुलाई को होगी। वे मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर इस दौरे पर जाएंगे। प्रधानमंत्री 26 जुलाई, 2025 को मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के समारोह में ‘मुख्य अतिथि’ होंगे। यह प्रधानमंत्री की मालदीव की तीसरी यात्रा होगी और नवंबर 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद से राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू द्वारा आयोजित किसी शासनाध्यक्ष की पहली राजकीय यात्रा होगी।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का मालदीव दौरा निश्चित रूप से मालदीव के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय आधिकारिक बैठकों को भी शामिल करेगा। कुछ बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि हम नई पहल के संबंध में भी कुछ घोषणाएं करेंगे, जिनका विवरण बाद में दिया जाएगा।






















