
राष्ट्रपति ने जगदीप धनखड़ का इस्तीफा मंजूर किया; विदाई भाषण भी नहीं देंगे
चंडीगढ, 22 जुलाई (विश्ववार्ता)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। साथ ही इस संबंध में आगे की प्रक्रिया के लिए गृह मंत्रालय को जानकारी दे दी गई है। इससे पहले इस्तीफे पर पुनर्विचार करने से धनखड़ ने मना कर दिया। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी मिल रही है कि जगदीप धनखड़ विदाई भाषण भी नहीं देंगे। जगदीप धनखड़ ने भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में काम किया। उनका कार्यकाल पूरा होने में अभी काफी समय था।
धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद छोड़ने से भारी राजनीतिक हलचल
फिलहाल, धनखड़ के अचानक उपराष्ट्रपति पद छोड़ने से देश की राजनीति में भारी हलचल पैदा हो गई है। जगदीप धनखड़ के इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया है। बता दें कि, 21 जुलाई की रात जगदीप धनखड़ ने भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया। जगदीप धनखड़ ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भेजा था। धनखड़ ने कहा है कि ”मैं संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के अनुसार तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं।”






















