
ICC ने लिया बड़ा फैसला
इस देश को दे दी अगले 3 WTC Final की मेजबानी
BCCI को लगा करारा झटका, भारत को नहीं मिली WTC के फाइनल की मेजबानी
इस देश में खेले जाएंगे अगले तीन फाइनल
चंडीगढ, 21 जुलाई (विश्ववार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2031 तक के फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को सौंपी है। आईसीसी ने रविवार को बताया कि अगले तीनों संस्करणों की मेजबानी इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के पास ही रहेगी।
आईसीसी ने यह फैसला इंग्लैंड के ट्रैक रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए लिया है। दरअसल, पिछले तीनों संस्करणों की मेजबानी भी इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने ही की है। डब्ल्यूटीसी का पहला फाइनल मुकाबला 2021 में खेला गया था। साउथेम्प्टन में खेले गए खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हराया था। इसके बाद 2021-23 सत्र का डब्ल्यूटीसी फाइनल मुकाबला द ओवल में खेला गया, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने जीता। वहीं, 2023-25 सत्र का डब्ल्यूटीसी फाइनल मैच लॉर्ड्स में खेला गया था। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था।
आईसीसी ने ये पहले ही तय कर दिया था कि चैंपियनशिप के शुरुआती तीन फाइनल इंग्लैंड की मेजबानी में होंगे। फिर संभावना जताई जा रही थी कि अब आईसीसी इसका वेन्यू बदलेगा और किसी अन्य देश को मेजबानी सौंपेगे। इस बारे में क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने फैसला कर लिया है।





















