
तमिल सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्माता, छायाकार और अभिनेता वेलु प्रभाकरन का निधन
चंडीगढ, 18 जुलाई (विश्ववार्ता) तमिल सिनेमा के जाने-माने फिल्म निर्माता, छायाकार और अभिनेता वेलु प्रभाकरन का शुक्रवार, 18 जुलाई की सुबह चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। परिवार के अनुसार, बीते कुछ दिनों से उनकी हालत अत्यंत गंभीर थी, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। वेलु प्रभाकरन के निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
उनका निजी और पेशेवर जीवन कई विवादों से भरा रहा. दिवंगत अभिनेत्री पी जयदेवी से विवाह बंधन में बंधने के बाद, उन्होंने 60 वर्ष की आयु में कधल कढ़ाई अभिनेत्री शर्ली दास से विवाह किया, जो उनसे करीब 25 साल छोटी हैं. बॉक्स ऑफिस पर कई असफलताओं के बाद, उन्होंने फिल्म निर्माण छोड़ दिया और पूर्णकालिक अभिनेता बनने का फैसला किया. उन्होंने पिछले छह वर्षों में गैंग्स ऑफ मद्रास, जंगो, कैडेवर और वेपन जैसी फिल्मों में अभिनय किया.
वेलु की 1995 की फिल्म असुरन का गाना ‘चक्कू चक्कू वथिकुची’ हाल ही में तब लोकप्रिय हुआ जब निर्देशक लोकेश कनगराज ने इसे कमल हासन अभिनीत अपनी एक्शन फिल्म ‘विक्रम’ में इस्तेमाल किया, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही. उन्हें आखिरी बार बड़े पर्दे पर वेदिका-योगी बाबू की फिल्म ‘गजाना’ में देखा गया था.
गौरतलब है कि मंसूर अली खान अभिनीत उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘यार अंता सर?’ अभी तक सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाई है, जैसा कि रिपोर्ट्स में बताया गया है.























