
जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025 में भारत ने पहले ही दिन लहराया जीत का परचम
सात्विक-चिराग की कोरियाई जोड़ी पर धमाकेदार जीत
चंडीगढ, 18 जुलाई (विश्ववार्ता) टोक्यो में चल रहे जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025 में भारत ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया। देश की शीर्ष पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दमदार अंदाज़ में मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली। वहीं, मेंस सिंगल्स में भारत के युवा शटलर लक्ष्य सेन ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
सात्विक-चिराग की कोरियाई जोड़ी पर धमाकेदार जीत
विश्व रैंकिंग में 15वें पायदान पर काबिज सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी ने कोरिया के कांग मिन ह्युक और किम डोंग जू को सीधे गेम में 21-18, 21-10 से मात दी। यह मुकाबला महज 42 मिनट में समाप्त हो गया।
हालांकि, पहले गेम में कोरियाई खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, भारतीय जोड़ी ने अपने खेल पर पकड़ बनाते हुए बढ़त हासिल की। दूसरा गेम पूरी तरह से भारतीय खिलाड़ियों के नियंत्रण में रहा, जहां उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए कोरियाई शटलर्स को वापसी का मौका ही नहीं दिया।






















