
बिहार CM नीतीश कुमार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए की बडी घोषणा
राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा
चंडीगढ, 17 जुलाई (विश्ववार्ता) बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 का समय अब नजदीक है। जहां चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार ने फैसलों की झड़ी लगा रखी है। सीएम नीतीश इन दिनों लगातार कोई न कोई फैसला लेकर चर्चा में हैं। वहीं इसी कड़ी में अब सीएम नीतीश कुमार ने लोगों को फ्री बिजली देने का बड़ा फैसला लिया है। बिहार में 125 यूनिट तक फ्री बिजली देने का ऐलान किया गया है। इस फैसले से 1.50 करोड़ से ज्यादा घरेलू उपभोक्ता परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
1 अगस्त 2025 से बिजली फ्री
सीएम नीतीश कुमार ने वीरवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए फ्री बिजली के फैसले की जानकारी दी। सीएम के अनुसार, 1 अगस्त 2025 से बिहार के घरेलू उपभोक्ता परिवारों को 125 यूनिट तक फ्री बिजली मिलेगी। यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा. सीएम ने बताया कि, इससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा। इसके अलावा सभी घरेलू उपभोक्ताओं के घरों पर अगले तीन वर्षों में सोलर पैनल लगवाने का लक्ष्य भी तय किया गया है।
सीएम ने लिखा, ”हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त, 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा। इससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा। हमने यह भी तय किया है कि अगले तीन वर्षों में इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घर की छतों पर अथवा नजदीकी सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभ दिया जाएगा।
सीएम नीतीश ने आगे कहा, ”कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु पूरा खर्च राज्य सरकार करेगी तथा शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली का 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा, साथ ही साथ राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार 10 हजार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी।”























