झारखंड में सुरक्षा बलों ने दो खूंखार नक्सलियों को किया ढेर
चंडीगढ़, 24 मई (विश्व वार्ता) झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद के दो खूंखार नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इन नक्सलियों पर क्रमशः 10 लाख रुपये और 5 लाख रुपये का इनाम था। यह कार्रवाई पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
आपको बता दें कि सूत्रों के मुताबिक, मारे गए नक्सलियों में पप्पू लोहारा और प्रभात गंझू शामिल हैं। पप्पू लोहारा पर 10 लाख रुपये का इनाम था, जबकि प्रभात गंझू पर 5 लाख रुपये का इनाम था। दोनों नक्सली झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के प्रमुख सदस्य और संगठन के खूंखार नेता थे। इनकी गतिविधियों से क्षेत्र में लगातार हिंसा और आतंक फैल रहा था, और इनकी तलाश लंबे समय से सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही थी।























