Bollywood Actor अक्षय कुमार ने परेश रावल को भेजा लीगल नोटिस
परेश रावल पर ठोका 25 करोड़ का मुकदमा
चंडीगढ़, 20 मई (विश्व वार्ता) बॉलीवुड में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अक्षय कुमार ने अपने प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स के जरिए एक्टर परेश रावल को 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा है। आरोप है कि परेश रावल ने फिल्म हेरा फेरी 3 की शूटिंग शुरू करने के बाद अचानक फिल्म छोड़ दी, जबकि उन्होंने पहले एक कानूनी कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था. पिछले हफ्ते परेश रावल ने मीडिया में खुद यह बात कबूल की थी कि वो अब हेरा फेरी 3 का हिस्सा नहीं हैं. उन्होंने कोई ठोस वजह नहीं बताई, बस कहा कि “फिलहाल दिल नहीं है इस फिल्म का हिस्सा बनने का”. इस खबर से हेरा फेरी मूवी के लाखों फैंस भी काफी निराश हुए थे।
दरअसल, फिल्म Hera Pheri के तीसरे पार्ट का अब निर्माण किया जा रहा है। Hera Pheri 3 की शूटिंग शुरू हो चुकी थी। लेकिन परेश रावल ने तभी अचानक अपने एक फैसले से सभी को चौंका दिया। परेश रावल फिल्म की शूटिंग बीच में ही छोड़ गए और खुद को इस फिल्म से दूर कर लिया। बताया जाता है कि, परेश रावल ने शूटिंग से पहले इस फिल्म के लिए बाकायदा कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था और एडवांस फीस भी ले ली थी। ऐसे में उनके बीच में फिल्म छोड़ने की वजह से शूटिंग पर लगे मेकर्स को भारी नुकसान हुआ है।
बता दें कि, इस फिल्म में अक्षय कुमार एक कलाकार होने के साथ एक मेकर भी हैं। अक्षय के प्रोडक्शन हाउस में फिल्म Hera Pheri 3 बनाई जा रही है। परेश रावल पर व्यावसायिक सत्यनिष्ठा (Professional Integrity) के उल्लंघन करने के लिए 25 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया गया है। कहा जा रहा है कि, अगर परेश रावल को फिल्म नहीं करनी थी तो पहले ही मना कर सकते थे, लेकिन उन्होंने न सिर्फ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया, बल्कि शूटिंग में भी शामिल हुए। ऐसे में फिल्म को बीच में छोड़ना बहुत अनप्रोफेशनल बिहेवियर है























