केसरी वीर : लीजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ का ‘केसरी बंधन’ गाना रिलीज
चंडीगढ़, 19 मई (विश्व वार्ता) अभिनेता सुनील शेट्टी, सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा स्टारर अपकमिंग पीरियड ड्रामा ‘केसरी वीर : लीजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ के निर्माताओं ने नया गाना ‘केसरी बंधन’ रिलीज कर दिया है, जिसमें शादी के पवित्र बंधन की कहानी को दिखाया गया है. अभिनेता सुनील शेट्टी, सूरज पंचोली, विवेक ओबेरॉय और आकांक्षा शर्मा स्टारर फिल्म के लेटेस्ट गाने में सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा के किरदार, हमीरजी गोहिल और राजल, शादी के बंधन में बंधते और जीवन भर साथ रहने का वादा करते दिखाई दे रहे हैं. इन दोनों के अलावा, इस गाने में वेगड़ा जी के रूप में सुनील शेट्टी की मौजूदगी की भी झलक मिलती है.
हाल ही में रिलीज़ हुए ट्रेलर में सुनील शेट्टी को निर्भीक योद्धा वेगड़ा जी के रूप में दिखाया गया है। उनके साथ सूरज पंचोली हैं, जो वीर हमीरजी गोहिल का किरदार निभा रहे हैं, और डेब्यू कर रही आकांक्षा शर्मा हैं जो बहादुर रजाल की भूमिका में नजर आएंगी। यह शक्तिशाली तिकड़ी उस खतरनाक विलेन ज़फ़र (विवेक ओबेरॉय) के खिलाफ खड़ी होती है, जो जबरन धर्मांतरण करवाना चाहता है।
सुनील शेट्टी, विवेक ओबेरॉय, सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा जैसे सितारों से सजी यह फिल्म प्रिंस धीमान द्वारा निर्देशित है और कनु चौहान द्वारा चौहान स्टूडियोज बैनर के तहत निर्मित की गई है। पैनोरमा स्टूडियोज द्वारा विश्वभर में रिलीज़ की जा रही यह फिल्म 23 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, और इसमें एक्शन, भावनाओं और ड्रामा का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा।























