
फिल्म जाट की सफलता के बाद खूबसूरत वादियो मे पत्नी के साथ निकले अभिनेता रणदीप हुड्डा
कौन हैं रणदीप हुड्डा की पत्नी लिन लैशराम
चंडीगढ, 14 मई (विश्ववार्ता) :फिल्म जाट के प्रमोशन और शूटिंग में व्यस्त रहने के बाद, अभिनेता रणदीप ने अब थोड़ा आराम करने का फैसला किया है। वे अपनी पत्नी, अभिनेत्री और उद्यमी लिन लैशराम के साथ डलहौज़ी की खूबसूरत वादियों में समय बिता रहे हैं।
पिछले कुछ महीने रणदीप के लिए काफी व्यस्त रहे। वे न सिर्फ जाट की शूटिंग में लगे रहे, बल्कि देशभर में फिल्म का प्रमोशन भी किया। वहीं लिन भी अपने स्टार्टअप में व्यस्त थीं – उन्होंने मुंबई में मणिपुरी खाने का एक खास क्लाउड किचन शुरू किया है। इतने व्यस्त शेड्यूल के बाद, दोनों ने शांति के कुछ पल बिताने के लिए डलहौज़ी स्थित अपने सपनों के घर का रुख किया। रणदीप को प्रकृति से बहुत लगाव है और वे पहले भी इस बारे में बात कर चुके हैं।
इस खास पल को और भी खूबसूरत बनाते हुए लिन लैशराम ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारा सा मैसेज और फोटो शेयर किया। उन्होंने लिखा,”प्यार से थामा गया हर जख्म थोड़ा और जल्दी भरता है। तुम्हारा साथ मेरे लिए शांति, ताकत और हौसला है। हमारा छोटा सा डलहौज़ी वाला घर अब बूढ़े होने के लिए लिफ्ट के साथ तैयार है, क्योंकि तुम्हारे साथ बूढ़ा होना बिल्कुल परफेक्ट लगता है, मेरी जान।”
एक करीबी सूत्र ने बताया, “रणदीप और लिन दोनों कई महीनों से लगातार काम कर रहे थे। डलहौज़ी की ये छोटी सी ट्रिप सिर्फ ब्रेक लेने के लिए नहीं, बल्कि एक-दूसरे से जुड़ने, पहाड़ों की सादगी को महसूस करने और साथ में सुकून के पल बिताने के लिए है।”
यह यात्रा सिर्फ एक छुट्टी नहीं बल्कि उनके रिश्ते को और मजबूत करने और साथ में शांति के पल बिताने का एक खास अवसर था। डलहौज़ी की प्राकृतिक सुंदरता, यहां की सादगी और सुकून, दोनों के दिलों को एक नई ताजगी दे रहे हैं।
जाट की सफलता के बाद, रणदीप की अभिनय में नयापन और गहराई की सराहना की जा रही है, और अब जब यह जोड़ी डलहौज़ी में अपने जीवन के अनमोल क्षण बिता रही है, उनके फैंस भी उनकी इस खुशी में शामिल हो रहे हैं। यह जोड़ी इस समय अपनी खुशियों को दुनिया से साझा कर रही है और उनके फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि यह प्यार और सुकून से भरा सफर हमेशा ऐसे ही बना रहे।
लिन के बारे में वैसे तो बहुत सी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। मगर रणदीप के साथ उनकी पहली मुलाकात की जानकारी के बारे में शायद ही आपको पता हो। लिन पेशे से मॉडल, एक्ट्रेस और बिजनेस वुमन हैं। इसके अलावा भी उनके बारे में जानने के लिए काफी कुछ इंटरेस्टिंग डिटेल्स हैं, जिसके बारे में हम आपको यहां बताएंगे। लिन लैशराम, मणिपुर के इंफाल की रहने वाली हैं। वही पॉपुलर मॉडल और एक्ट्रेस हैं। लिन ने प्रियंका चोपड़ा के साथ नेशनल अवॉर्ड विनिंग मूवी ‘मैरी कॉम’ में काम किया है। वह ‘रंगून’ और ‘उमरिका’ जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा वह शाहरुख खान स्टारर ‘ओम शांति ओम’ में भी नजर आ चुकी हैं। लिंग के एक्टिंग का दायरा चंद फिल्मों तक ही सीमित नहीं है। उन्हें हाल ही में करीना कपूर की ‘जाने जान’ में भी छोटे से रोल में देखा गया था।






















