अभिनेता अक्षय कुमार स्टारर ‘kesari chapter 2’ का ट्रेलर आउट
वकील की भूमिका में दिखेंगे अक्षय और माधवन
चंडीगढ़, 4 अप्रैल (विश्व वार्ता) अभिनेता अक्षय कुमार, आर माधवन और अनन्या पांडे स्टारर बहुप्रतिक्षित फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ के ट्रेलर को निर्माताओं ने जारी कर दिया है, जिसमें जलियांवाला बाग हत्याकांड के सच को सामने लाने के लिए अभिनेता कोर्ट रूम में दहाड़ते दिखाई दे रहे हैं। तीन मिनट दो सेकंड के ट्रेलर में अक्षय कुमार, आर माधवन, अनन्या पांडे की शानदार झलक देखने को मिली। ट्रेलर में अक्षय कुमार कोर्ट रूम में दहाड़ते दिखे तो आर माधवन का भी अपना एक अलग अंदाज दिखाई दे रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार एक वकील के किरदार में हैं। ट्रेलर के अंत में वह कहते हैं, “मैं जालियांवाला बाग का सच पूरी दुनिया के सामने लाकर रहूंगा।” ट्रेलर को शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने कैप्शन में लिखा, “यह एक घाव है। यह एक दहाड़ है। यह ‘केसरी चैप्टर 2’ है! ट्रेलर आ चुका है।“
फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ वकील और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सी. शंकरन नायर के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के पीछे की सच्चाई के लिए लड़ाई लड़ी थी। ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में ‘केसरी चैप्टर 2’ के निर्माता करण जौहर, अपूर्व मेहता, अमृतपाल बिंद्रा के साथ फिल्म के निर्देशक करण सिंह त्यागी भी मौजूद थे।
ट्रेलर की शुरुआत 13 अप्रैल, 1919 को जलियांवाला बाग में हुई गोलीबारी की एक झलक के साथ होती है। इसके बाद फिल्म में सीएस नायर की भूमिका निभा रहे अक्षय कुमार नजर आते हैं। वह अदालत में जनरल डायर से सवाल-जवाब करते दिखते हैं। अदालत में वह सवाल करते हैं जनरल डायर आपने जलियांवाला बाग से भीड़ को हटाने के लिए वार्निंग कैसे दी। क्या आपने टियर गैस फेंकी वहां या हवा में गोली चलाई। इस पर जनरल डायर कहते हैं नहीं। इस पर सी एस नायर कहते हैं तो आपने बिना वॉर्निंग दिए भीड़ पर गोली चला दी ये सुनकर जनरल डायर कहते हैं कि वो भीड़ नहीं टेरेरिस्ट थे। इसके बाद आर माधवन को अपोजिशन वकील के रूप में दिखाया गया है।
फिल्म के ट्रेलर में अनन्या पांडे को उन शुरुआती महिलाओं में से एक के रूप में भी दिखाया गया है जिन्होंने उस समय कानून की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था जब इसे सिर्फ पुरुषों का काम माना जाता था। फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘1650 गोलियां, 10 मिनट और एक आदमी, जो इसके खिलाफ दहाड़ता है। भारत को हिला देने वाले भयानक नरसंहार के पीछे की सच्चाई को देखें।’ धर्मा प्रोडक्शंस, लियो मीडिया कलेक्टिव और केप ऑफ गुड फिल्म्स द्वारा निर्मित, केसरी चैप्टर 2,18 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।























