Cricket News: अगले मैच मे भारतीय टीम को हराने के लिए उन पर दबाव बनाना होगा इस शीर्ष क्रम के बल्लेबाज का दावा
भारत पांच मैच की श्रृंखला में 1-0 से आगे
चंडीगढ़, 25 जनवरी (विश्ववार्ता) भारतीय टीम से पहले टी-20 मैच मे हार के बाद शीर्ष क्रम के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने कहा कि अगर इंग्लैंड कोकरारी हार से उबरकर श्रृंखला बराबर करना चाहता है तो मेहमान टीम को भारत पर लगातार दबाव बनाना होगा। ईडन गार्डन्स में जीत के बाद भारत पांच मैच की श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रहा है। ब्रूक ने दूसरे टी20 मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हम बिलकुल भी दबाव में नहीं हैं।
भारत एक बहुत अच्छी टीम है इसलिए हम जानते थे कि वे हमें कड़ी टक्कर देंगे और हां, उन्होंने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें बस दबाव बनाए रखने की जरूरत है, वही संदेश जो बैज (ब्रेंडन मैकुलम) हर समय देते रहे हैं। हमें उनके गेंदबाजों पर दबाव बनाने और उनकी पारी के दौरान विकेट लेने की कोशिश करनी होगी। आपको हमेशा थोड़ा और बेहतर करने की जरूरत होती है।
ब्रूक ने ईडन गार्डन्स में कप्तान जोस बटलर के शानदार अर्धशतक से कुछ सीख लेने की उम्मीद जताई जिन्होंने 44 गेंद में 68 रन की पारी खेली। उन्होंने कहा, ‘‘हां, उन्हें निश्चित रूप से भारत में खेलने का काफी अनुभव है। उन्होंने आईपीएल में और जब भी वह इंग्लैंड के लिए यहां खेले हैं तो शानदार प्रदर्शन किया है। ब्रूक ने कहा, ‘‘इसलिए उन्हें मैदान पर उतरते और रन बनाते देखकर काफी अच्छा लगता है।
उन्हें दूसरे छोर से थोड़ी देर तक देखना सुखद था। ब्रुक ने उम्मीद जताई कि वह शनिवार को चेपक में इंग्लैंड की संभावित जीत में और अधिक महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक आदर्श शुरुआत नहीं थी लेकिन यह सिर्फ एक मैच था। मेरा लक्ष्य जीत में योगदान देना होगा। मैं सिर्फ केवल एक ही चीज के बारे में सोचता हूं, वह है मैच विजेता बनने की कोशिश करना और अगर मैं यहां इस श्रृंखला में से एक या दो मैच भी जिताता हूं, तो मुझे इससे बहुत खुशी होगी।























