2024 के चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव में बीजेपी को लगा बहुत बड़ा झटका
कांग्रेस के मनीष तिवारी जीते
भाजपा के संजय टंडन को दी मात, आखिरी तक बना रहा रोमांच
चंडीगढ, 4 जून: (विश्ववार्ता): 2024 के चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बहुत बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस-आप इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने 3,613 वोटों के अंतर से बीजेपी के संजय टंडन को हरा दिया है। तिवारी ने 2,06,829 वोट पाकर चंडीगढ़ संसदीय सीट पर जीत हासिल की है, जबकि संजय टंडन को 2,03,216 वोट मिले। वोटों की गिनती कुल 15 राउंड में की गई। इस बीच संजय टंडन और मनीष तिवारी दो के बीच ही सीधा और कड़ा मुक़ाबला रहा।
मंगल को मनीष तिवारी का ‘मंगल’
आज जब मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है तो दिन मंगलवार है। यूं कहें कि मंगल को मनीष तिवारी का ‘मंगल’ हो गया है। शहर की संसदीय सीट जीतने के बाद मनीष तिवारी अब चंडीगढ़ के नए सांसद बन गए हैं। जनता ने बीजेपी को दरकिनार कर उन्हें चंडीगढ़ की सत्ता में बैठा दिया है। इसके लिए मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ की जनता का धन्यवाद किया है।
मनीष तिवारी बोले- चंडीगढ़ की जनता का आभारी रहूंगा
चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव जीतने के बाद मनीष तिवारी ने कहा- मेरी जन्मभूमि के वासियों, आप सभी ने मुझे जिस तरह गले से लगाया, तपती गर्मी और अनेक मुश्किलों के बावजूद मुझे बेहद समर्थन दिया, उसके लिए मैं आपका हमेशा आभारी रहूंगा।
बीजेपी के लिए बहुत बड़ी हार
शहर की संसदीय सीट पर लगातार दो बार काबिज रही बीजेपी के लिए यह हार बहुत बड़ी हार है। इससे भी ज्यादा यह है कि बीजेपी उम्मीदवार संजय टंडन के राजनीतिक जीवन का यह पहला सार्वजनिक चुनाव था। संजय टंडन अपने राजनीतिक करियर का अपना पहला चुनाव हार गए। बीजेपी ने पहली बार संजय टंडन को चंडीगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। टंडन काफी सालों से चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव के लिए टिकट पाने में जद्दोजहद कर रहे थे।
























