पूर्व मंत्री राजकुमार वेरका ने सांसद कंगना रनौत पर एनएसए कानून लगाये जाने की मांग की
चंडीगढ, 26 अगस्त (विश्ववार्ता)भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के बयानों के बाद अब पंजाब में भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है। किसानों के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने कंगना के खिलाफ FIR की मांग की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. राज कुमार वेरका ने कंगना के खिलाफ NSA की मांग की है। पूर्व मंत्री राज कुमार वेरका ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि कंगना रनौत हर दिन पंजाब के नेताओं के खिलाफ जहर उगलती हैं। उन्होंने कहा, “आज कंगना रनौत ने कहा, किसान खालिस्तानी हैं। उन्होंने देश के किसानों को गाली दी। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के बीच हत्याएं और बलात्कार हुए। कंगना रनौत किसी के उकसावे पर बोल रही हैं। भाजपा को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।” वेरका ने आगे कहा कि वह भाजपा की चुनी हुई सांसद हैं, कोई साधारण कलाकार नहीं। वेरका ने कंगना से उनके हालिया बयानों पर स्पष्टीकरण मांगा।
वेरका ने आगे कहा, “मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग करता हूं कि उनके खिलाफ जांच की जाए और एफआईआर दर्ज की जाए। उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और उन्हें डिब्रूगढ़ जेल भेजा जाना चाहिए। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने कहा कि अगर हमारा शीर्ष नेतृत्व मजबूत नहीं होता तो किसान आंदोलन के दौरान पंजाब भी बांग्लादेश बन जाता। कंगना ने कहा कि पंजाब में किसान आंदोलन के नाम पर उपद्रवी हिंसा फैला रहे हैं। वहां दुष्कर्म और हत्याएं हो रही हैं। किसान बिल वापस लिया जाए वरना इन उपद्रवियों की बहुत लंबी योजना थी। वे देश में कुछ भी कर सकते थे।
एसजीपीसी ने भी एफआईआर की मांग की
एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि सिखों के चरित्र को गलत तरीके से पेश करने वाली फिल्म ‘इमरजेंसी’ पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। यह फिल्म सिख विरोधी और पंजाब विरोधी शब्दावली के कारण विवादों में रहने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत ने जानबूझकर सिखों को बदनाम करने की नीयत से बनाई है।






















