दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान के बाद बारिश
सड़कों पर लगा लंबा जाम; उड़ानें भी प्रभावित
चंडीगढ़, 11 मई (विश्ववार्ता) दिल्ली-NCR में देर रात अचानक मौसम बदल गया। इस दौरान धूल भरी आंधी और तूफान के बाद बारिश हुई, जिसके कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम बिगड़ने के कारण डीएनडी पर लंबा जाम लग गया। वहीं, नोएडा के कई इलाकों में इसके कारण बिजली चली गई। वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है।
वाहनों को नुकसान पहुंचा और दिल्ली से 9 उड़ानें जयपुर के लिए डायवर्ट करनी पड़ीं। राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के कारण नोएडा के सेक्टर 58 में एक इमारत की मरम्मत के लिए लगाई गई शटरिंग गिर गई जिससे कई कारों को नुकसान पहुंचा।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को धूलभरी आंधी चलने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलेगी। साथ ही, हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के साथ 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। अगर बारिश होगी तो यह मई का पहला पश्चिमी विक्षोभ होगा।























