चंडीगढ़, 14 मई (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव से अनुमति लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नामांकन करेंगे। वह वाराणसी से तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी बनाए गए हैं। तीसरी बार नामांकन भी करेंगे। वे गंगा सप्तमी के साथ ही पुष्य नक्षत्र में 11 बजे के बाद नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के पहले प्रधानमंत्री मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे पीएम दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा को नमन कर पूजन सकते हैं। यहीं स्नान भी करेंगे। यहां क्रूज से नमो घाट तक जाना भी प्रस्तावित है। फिर काल भैरव मंदिर जाकर वहां फिर नामांकन करने कलेक्ट्रेट जाएंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार पीएम के नामांकन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा 12 मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा शामिल होंगे। साथ में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी नामांकन में शामिल होंगे। एनडीए के प्रमुख घटक राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, लोजपा प्रमुख चिराग पासवान, अपना दल एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद आदि मौजूद रहेंगे।