चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान जारी
11 बजे तक लोकसभा सीट पर इतने प्रतिशत हुआ मतदान
भीषण गर्मी के बावजूद लगी लंबी लंबी लाईने, वोटरो मे उत्साह
गर्मी से बेहाल हुए मतदाता, न टेंट और न ही पानी
चंडीगढ़ मे कुल इतने उम्मीदवार मैदान मे
चंडीगढ़, 1 जून (विश्ववार्ता): चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। 11 बजे तक लोकसभा सीट पर 25.03त्न वोटिंग हुई है। वही सूत्रो के हवाले से खबर सामने आ रही है कि कई बूथों पर वोटरो के लिए न तो टेंट की व्यवस्था की गई है और न ही पानी की व्यवस्था देखी जा रही है। सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई। लोग शाम 6 बजे तक वोट डाल सकेंगे। चंडीगढ़ में कुल 614 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जहां लोग अपना वोट डालने पहुंच रहे हैं। कई पोलिंग बूथों पर सुबह 7 बजे से ही लोगों की लंबी लाइन लगी नजर आई है. चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने सेक्टर सात में मतदान किया। एक्टर आयुष्मान खुराना ने भी चंडीगढ़ में अपना वोट डाला।
चंडीगढ़ के गांव और कालोनियों में पोलिंग बूथों पर ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। वहीं सेक्टरों में पोलिंग बूथों पर भीड़ गांव और कालोनियों की अपेक्षा कम है। इसके अलावा कुछ पोलिंग बूथों पर टेंट-शेड और पानी की व्यवस्था न होने की शिकायतें भी मिल रहीं हैं। जबकि चुनाव आयोग में इस भीषण गर्मी के बीच वोटरों के लिए सभी पोलिंग बूथों पर टेंट, शेड और पानी की व्यवस्था करने की बात कही थी।
वहीं चंडीगढ़ में सुबह 9 बजे तक 11.64 प्रतिशत मतदान हो चुका है। बता दें कि, इस बार चंडीगढ़ में साढ़े 6 लाख के आसपास वोटर्स रजिस्टर्ड हैं। चुनाव आयोग और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा सभी वोटरों से वोट करने की अपील की गई है। प्रशासन ने चंडीगढ़ में वोटिंग के चलते सरकारी संस्थानों में छुट्टी कर दी है। इसके साथ ही प्रशासन ने सभी दुकानों और कमर्शियल इस्टैब्लिशमेंट में छुट्टी की घोषणा की है। अगर कोई भी शॉप ऑनर किसी कर्मचारी को वोट देने से रोकता है तो उसके खिलाफ लेबर विभाग या चुनाव आयोग को शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है। निजी कंपनी/दफ्तर वाले भी अपने कर्मचारियों को वोटिंग के लिए छुट्टी देंगे।
संजय टंडन, एचएस लकी और एडवाइजर राजीव वर्मा ने वोट किया
चंडीगढ़ में जहां एक तरफ आम लोग वोट डालने की अपनी जि़म्मेदारी निभा रहे हैं तो वहीं तमाम राजनीतिक और चर्चित हस्तियां भी वोट डालने पहुंच रहीं हैं। बीजेपी नेता और चंडीगढ़ लोकसभा उम्मीदवार संजय टंडन ने अपने पूरे परिवार के साथ वोट डाल दिया है। टंडन ने अपने परिवार के साथ सेक्टर 18 में वोट डाला। वहीं टंडन के अलावा चंडीगढ़ के सबसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और एडवाइजर राजीव वर्मा ने भी वोट किया। वह साइकिल चलाकर वोट डालने पहुंचे। इसके अलावा चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लकी ने भी वोट डाल दिया है।
चंडीगढ़ के चुनावी मैदान में कुल 19 उम्मीदवार
इस बार के चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव-2024 में कुल 19 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी ताल ठोंक रहे हैं। उम्मीदवारों में कई आजाद उम्मीदवार हैं। जबकि बीजेपी की तरफ से संजय टंडन, कांग्रेस-आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन से मनीष तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। अकाली दल से चंडीगढ़ में कोई उम्मीदवार नहीं है।
जबकि बहुजन समाज पार्टी से डॉ रितु सिंह उम्मीदवार हैं। वहीं इस बार चंडीगढ़ में कांग्रेस-आम आदमी पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार मनीष तिवारी और बीजेपी के संजय टंडन में कांटे की टक्कर होने वाली है। दोनों के बीच सीधा और कड़ा मुक़ाबला है। 2019 और 2014 के चुनाव में चंडीगढ़ की सीट बीजेपी के खाते में गई थी।
4 जून को लोकसभा चुनाव का रिजल्ट
4 जून को लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आएगा। आज शाम के बाद चंडीगढ़ समेत पूरे देश की नजरें अब चुनाव रिजल्ट पर गढ़ जाएंगी। इससे पहले एग्जिट पोल सामने आने लगेंगे। जिनमें सर्वे के आधार पर यह बताया जाएगा कि इस बार किसकी सरकार बन रही है?
























