कांग्रेस विभाजनकारी मुद्दों पर नहीं, बल्कि वास्तविक मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है: वड़िंग
कहा: बढ़ती कीमतों, बेरोजगारी पार्टी का है फोकस
लुधियाना, चंडीगढ़, 11 मई (विश्ववार्ता) पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना संसदीय क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि सांप्रदायिक और विभाजनकारी मुद्दों पर चुनाव लड़ने वाली भारतीय जनता पार्टी के विपरीत कांग्रेस बढ़ती कीमतों और बढ़ती बेरोजगारी जैसे लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है।
यहां कई जनसभाओं को संबोधित करते हुए और लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी 45 साल में सबसे उच्चतम स्तर पर है। उन्होंने खुलासा किया कि देश में 70 करोड़ बेरोजगार लोग हैं, जिसका मतलब है कि हर दूसरा भारतीय बेरोजगार है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगारी के मुद्दे को हल करने की कभी जहमत नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर बेरोजगारी के बावजूद भाजपा सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में 30 पदों पर भर्ती को लंबित रखा है।
वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हर नए स्नातक और डिप्लोमा धारक के लिए ‘पहली नौकरी पक्की’ का वादा किया है, जिसके तहत उन्हें एक लाख की सुनिश्चित आय के साथ एक साल की अप्रेंटिसशिप प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, 4 जून को चुनाव परिणाम आने के साथ इंडिया गठबंधन के सत्ता में आते ही 30 लाख सरकारी आसामियों को भरा जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंडिया गठबंधन चुनाव जीतने जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी निजी तौर पर उनकी पार्टी की हार को स्वीकार कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की तरह वह भी पंजाब के लोगों से किए गए सभी वादों को भूल गई है।
उन्होंने कहा कि जैसे मोदी ने हर भारतीय के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करने और हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, वैसे ही आप ने हर महिला को हर महीने एक हजार रुपये देने व कुछ ही दिनों में नशे की समस्या को खत्म करने का वादा किया था। लेकिन दोनों में से कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा और आप एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।























